मस्तक पर तिलक और नंगे पांव संत प्रेमानंद का आशीर्वाद लेने पहुंचे विराट कोहली व अनुष्का शर्मा।
आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का, संत प्रेमानंद से लिया आशीर्वाद
- मस्तक पर तिलक, हाथ में नामजप काउंटर और नंगे पाव संत कुटी पहुचे
- - यमुना किनारे एकांतवास कर रहे संत से लिया आशीर्वाद
वृंदावन। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बेहतरीन खेल के दम पर आईपीएल 2026 का खिताब जिताने के बाद दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। आईपीएल की ट्रॉफी जीतने के बाद इस स्टार कपल ने किसी भव्य पार्टी में जाने के बजाय अध्यात्म की राह चुनी। दोनों मस्तक पर ब्रज रज का तिलक लगाकर, हाथ में राधा नाम जप काउंटर लिए नंगे पांव वृंदावन के यमुना किनारे संत की कुटिया पर पहुंचे। यहां संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया।
यमुना किनारे एकांतवास और आध्यात्मिक चर्चा
विराट और अनुष्का बेहद शांत और निजी तरीके से वृंदावन पहुंचे। दोनों ने यमुना किनारे एकांतवास कर रहे प्रेमानंद महाराज के कुटिया में सत्संग में भाग लिया और संत के साथ गहरी आध्यात्मिक चर्चा की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में विराट और अनुष्का बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं। दोनों ने महाराज जी की बातें बेहद ध्यानपूर्वक सुनीं और जीवन व अध्यात्म से जुड़े कई विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रेमानंद महाराज ने भी इस जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उन्हें राधा नाम की महिमा और भक्ति का मार्ग समझाया।
वृंदावन से विराट-अनुष्का का पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा वृंदावन या किसी आध्यात्मिक यात्रा पर आए हों। इससे पहले भी यह कपल बाबा नीम करोली के आश्रम और वृंदावन में अक्सर संत प्रेमानंद महाराज के रमणरेती स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज आते रहते हैं। विराट अक्सर अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर की कृपा और आध्यात्मिक शांति को देते आए हैं। आईपीएल की ऐतिहासिक खिताबी जीत के ठीक बाद भगवान की शरण में पहुंचना उनके इसी विश्वास को दर्शाता है। क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करने के बाद, विराट का यह शांत और आध्यात्मिक रूप उनके फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। फैंस सोशल मीडिया पर इस जोड़ी की सादगी और संस्कारों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।



