Vrindavan Rangnath Temple Brahmotsav: कांच के विमान पर सवार होकर भगवान गोदा रंगमन्नार ने खेली होली, रंगों में सराबोर हुए भक्त

  • Wednesday March 18 2026 - 12:31 AM
  •  

वृंदावन। ब्रज की होली भले ही औपचारिक रूप से समाप्ति की ओर हो, लेकिन उसकी खुमारी अभी भी श्रद्धालुओं के सिर चढ़कर बोल रही है। तीर्थनगरी के विशालतम श्री रंगनाथ मंदिर के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के छठे दिन भगवान ठाकुर गोदा रंगमन्नार कांच के विमान पर सवार होकर भक्तों के साथ होली खेलने निकले। इस दौरान मंदिर परिसर अबीर-गुलाल और टेसू के प्राकृतिक रंगों से सराबोर हो गया।

चांदी की पिचकारी लिए भक्तों से होली खेलते भगवान गोदारंगमन्नार। 

श्वेत वस्त्रों में भगवान ने खेली दिव्य होली

ब्रह्मोत्सव के छठे दिन भगवान गोदा रंगमन्नार धवल श्वेत वस्त्र धारण कर कांच के विमान पर विराजमान हुए। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन अर्चन कर भगवान को प्राकृतिक अबीर-गुलाल अर्पित किया गया। इसके बाद मंदिर के जगमोहन में चांदी की पिचकारी से टेसू के फूलों से बने रंगों की भक्तों पर वर्षा की गई। जैसे ही भगवान की सवारी सिंह द्वार पर पहुंची, वैसे ही "रंगनाथ भगवान की जय" के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

वृंदावन में भगवान गोदारंगमन्नार भक्तों के साथ होली खेलते हुए। 

परंपरागत हुरंगा में महिलाओं ने बरसाईं प्रेम भरी लाठियां

सिंह द्वार पर गोविंद घेरा के क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने ब्रज की परंपरा के अनुसार हुरंगा उत्सव में भाग लेते हुए भक्तों पर प्रेमपूर्वक लाठियां बरसाईं। ब्रज की पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और रंगों की फुहारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।

तीन घंटे तक चला रंगोत्सव

भगवान रंगनाथ की सवारी जैसे-जैसे रंगजी के बड़ा बगीचा की ओर बढ़ती गई, वैसे-वैसे रंगोत्सव अपने चरम पर पहुंचता गया। करीब तीन घंटे तक चले इस आयोजन में भक्त होली के भजनों पर झूमते रहे। तेज धूप भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। सवारी के मंदिर लौटने पर मंदिर प्रबंधन द्वारा हुरंगा खेलने आई महिलाओं को ठाकुर जी का प्रसादी फगुआ भेंट कर सम्मानित किया गया।

होली के सवारी के बीच हाथी से भक्तों पर रंग बरसाते सेवक।  

रंगनाथ भगवान की होली के साथ ब्रज की होली का समापन

बसंत पंचमी से शुरू हुआ ब्रज का होली महोत्सव भगवान रंगनाथ द्वारा भक्तों के साथ होली खेलने के साथ इस वर्ष के लिए संपन्न हो गया। भगवान रंगनाथ माता गोदा जी के साथ भक्तों पर रंग बरसाते रहे और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। भगवान की नगर भ्रमण सवारी के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह, उमंग और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।