वृंदावन में मिलावटी पेड़ा सिंडिकेट का खुलासा: 220 किलो पेड़ा नष्ट कराया, 14 नमूने लैब भेजे

  • Saturday April 18 2026 - 07:15 PM
  •  

मथुरा। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने की बड़ी साजिश को खाद्य सुरक्षा विभाग ने नाकाम कर दिया है। जिलाधिकारी मथुरा और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन  के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सचल दल ने छटीकरा और गोवर्धन क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी पेड़ा, मिल्क केक और बर्फी जब्त की है।

धौलपुर से होने वाली थी मिलावटी माल की सप्लाई

विभाग को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि अक्षय तृतीया के अवसर पर अमरचंद नामक व्यक्ति द्वारा राजस्थान के धौलपुर से वृंदावन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिलावटी पेड़े की आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। इस सूचना पर सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

अग्रवाल स्वीट्स पर छापेमारी, 350 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम (जितेंद्र सिंह, दलवीर सिंह, अरुण कुमार, धर्मेंद्र सिंह एवं राम नरेश) ने दिल्ली रोड छटीकरा स्थित अग्रवाल मिष्ठान भंडार पर धावा बोला। निरीक्षण के दौरान मौके पर सूरज अग्रवाल पुत्र अमरचंद अग्रवाल मौजूद थे। प्रतिष्ठान में प्लास्टिक की बोरियों में बेहद हानिकारक और गंदी स्थितियों में भंडारित 220 किलो पेड़ा, 90 किलो मिल्क केक, 40 किलो बर्फी बरामद की गई। लगभग 1.10 लाख रुपये मूल्य के इस दूषित खाद्य पदार्थ को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

गोवर्धन में भी हुई कार्रवाई

समानांतर कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह और भरत सिंह ने गोवर्धन स्थित मानसी गंगा क्षेत्र से पेड़े के 4 नमूने लिए। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 14 नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

प्रशासन की चेतावनी: मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।