मथुरा चौक बाजार में दिनदहाड़े बुलियन कारोबारी का अपहरण के बाद जाम लगाते व्यापारी।
मथुरा चौक बाजार में दिनदहाड़े बुलियन कारोबारी का अपहरण से मचा हड़कंप, व्यापारियों ने किया बाजार बंद
मथुरा। महानगर के व्यस्ततम चौक बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद लोग एक प्रमुख बुलियन कारोबारी को जबरन उठाकर ले गए। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मस्जिद के समीप बाजार बंद कर सड़क पर जाम लगा दिया। सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकाने बंद कर दी है। कुछ व्यापारियों ने बताया कि वर्दीधारी उनके मोबाइल फोन छीन ले गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार को दो बिना नंबर की गाड़ियों में कुछ वर्दीधारी और सादे कपड़ों में लोग चौक बाजार पहुंचे। उन्होंने बुलियन कारोबारी महेश चंद खंडेलवाल को हथियार दिखाकर डराया और जबरन अपने साथ गाड़ियों में बैठा लिया। जब स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने इस घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उन लोगों ने उन्हें भी हथियारों के बल पर धमकाया और मौके से फरार हो गए।
घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारी लामबंद हो गए और चौक बाजार में जाम लगा दिया। व्यापारियों का आरोप है कि जिस तरह से बिना नंबर की गाड़ियों में लोग आए, वह किसी अपहरण जैसी वारदात लग रही थी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी आशना चौधरी और कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बाजार में चर्चा है कि यह किसी दूसरे राज्य की पुलिस की कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक किसी अन्य प्रदेश में हुई चांदी लूट की बड़ी वारदात के तार इस मामले से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि लूटी गई चांदी का कुछ हिस्सा महेश चंद के यहां बेचा गया है। इसी सिलसिले में पूछताछ के लिए संबंधित राज्य की पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर गई है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस इस मामले की आधिकारिक पुष्टि करने और यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त टीम किस राज्य की थी और उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी थी या नहीं। बताया जाता है कि पुलिस उन्हें गोविंद नगर थाना ले आई है।



