राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से की आध्यात्मिक चर्चा, लिया आशीर्वाद

  • Friday March 20 2026 - 09:33 AM
  •  

वृंदावन। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज दौरे के दौरान विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। बारिश के बीच राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर लगभग 25 मिनट तक आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान संत महाराज ने उन्हें ब्रज की प्राचीन भक्ति परंपरा, यमुना संरक्षण अभियान तथा विभिन्न समाज सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रपति ने इन सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संत समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ भारतीय संस्कृति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

वृंदावन में श्रीहित राधा केलिकुंज आश्रम में संत से आध्यात्म चर्चा करती राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। 

प्रसाद और स्मृति चिन्ह किया भेंट

भेंट के दौरान संत प्रेमानंद महाराज की ओर से राष्ट्रपति को आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद, माला, श्रीजी की प्रसादी ओढ़नी एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। राष्ट्रपति ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद स्वीकार किया। उनके साथ आए बच्चों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा और संत समाज देश की सांस्कृतिक विरासत की सबसे बड़ी शक्ति है और इसे आगे बढ़ाने में संतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। आश्रम के आसपास पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी रही तथा आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित रखी गई। पुलिस ने राष्ट्रपति के आगमन वाले रूट को उनके छटीकरा मार्ग स्थित होटल से रमणरेती स्थित संत प्रेमानंद के आश्रम श्रीहित राधा केलिकुंज तक मार्ग को दो घंटे पहले ही वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। इस कारण बच्चे स्कूल एवं कॉलेज नहीं जा सके।