यमुना नदी में गिरते गंदे नालों का कॉकरोच के रूप में डांस कर अनोखा विरोध करता युवक।
मथुरा: यमुना प्रदूषण के खिलाफ अनोखा विरोध, कॉकरोच बनकर नगर निगम पहुंचा समाजसेवी
- यमुना नदी में गिरते गंदे नालों को लेकर अनोखा प्रदर्शन
- कॉकरोच की वेशभूषा में पहुंचे युवक को देख हैरान लोग
मथुरा। धर्मनगरी मथुरा में यमुना नदी की बदहाली और उसमें लगातार गिर रहे गंदे नालों के विरोध में एक बेहद अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। यहाँ एक समाजसेवी युवक प्रशासन की नींद उड़ाने के लिए खुद 'कॉकरोच' की वेशभूषा धारण कर नगर निगम कार्यालय पहुंच गया। युवक को इस अजीबोगरीब रूप में देखकर वहां मौजूद आम जनता से लेकर अधिकारी तक हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने इस पूरे नजारे का वीडियो अपने मोबाइल में कैद करना शुरू कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
नगर निगम परिसर में जमकर किया नाच-गाना
कॉकरोच की ड्रेस पहने यह समाजसेवी युवक नगर निगम परिसर में नाचते-गाते हुए दाखिल हुआ। उसने अपने इस अनोखे अंदाज के जरिए यमुना में गिर रहे गंदे पानी और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जताई।
गंदगी में पनपते हैं कॉकरोच, वैसी ही हो रही शहर की हालत"
प्रदर्शन कर रहे युवक ने मीडिया और जनता से बात करते हुए कहा: "जिस तरह अत्यधिक गंदगी होने पर कॉकरोच पनपते हैं, ठीक उसी तरह आज हमारे शहर और मां यमुना की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। चारों तरफ गंदगी का अंबार है। अगर प्रशासन ने समय रहते इस व्यवस्था को नहीं सुधारा, तो आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा गंभीर हो जाएंगे।"
शहरभर में चर्चा का विषय बना 'कॉकरोच प्रदर्शन'
इस अनोखे और गांधीवादी तरीके से किए गए प्रदर्शन ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ आम जनता का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी युवक का समर्थन करते हुए कहा कि यमुना प्रदूषण एक बेहद गंभीर मुद्दा है और प्रशासन को इस पर जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। फिलहाल, नगर निगम पहुंचे इस “कॉकरोज प्रदर्शन” की चर्चा पूरे मथुरा शहर में जोरों पर है।



